केजरीवाल दिल्ली में लोकसभा चुनाव अपने झूठ के प्रचार के बल पर लड़ना चाहते है - शीला दीक्षित

 

नई दिल्ली, आगमी संसदीय चुनाव के संदर्भ में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अभियान समिति की बैठक आज प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शीला दीक्षित, अभियान समिति के अध्यक्ष श्री सुभाष चौपड़ा, उपाध्यक्ष श्री परवेज़ हाशमी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री हारुन यूसूफ, श्री देवेन्द यादव और श्री राजेश लिलौथिया, पूर्व सांसद श्री महाबल मिश्रा, श्री रमेश कुमार और जे.के. जैन, पूर्व मंत्री डा0 ए0के0 वालिया, मंगत राम सिंघल, रमाकांत गोस्वामी, राजकुमार चौहान, डा0 नरेन्द्र नाथ, डा0 किरण वालिया, प्रदेश प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार कोचर, पूर्व विधायक डा0 बिजेन्द्र सिंह, मुकेश शर्मा, बलराम तंवर, तरविन्दर सिंह मारवाह, चौ0 मतीन अहमद, अंजलि राय, रोहित मनचंदा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, पूर्व महिला अध्यक्ष ओनिका मेहरोत्रा, रागिनी नायक, वरयाम कौर व डा0 नरेश कुमार मुख्य रुप से मौजूद थे। 

 

श्रीमती शीला दीक्षित ने अपने सम्बोधन में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए अभियान समिति की जिम्मेदारी बढ़ गई है क्योंकि चुनाव का पूरा दारोमदार चुनाव अभियान समिति पर ही निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि चुनाव समितियों का गठन जिला व प्रत्येक विधानसभाओं में भी किया जाना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताआें को कांग्रेस के चुनाव अभियान से जोड़ना होगा।  उन्होंने विधानसभा वाइज समितियांं को वहां की क्षेत्रीय समस्याओं और आम जनता से जुड़ी सभी बातों को उजागर करना होगा। 

 

श्रीमती शीला दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस का चुनाव अभियान सच्चाई और ईमानदारी के साथ चलाया जायेगा और आम आदमी पार्टी की झूठ और भाजपा की फरेब की नीतियों का भंडाफोड़ करना कांग्रेस के अभियान का हिस्सा होगा।  उन्होंने कहा कि आज केजरीवाल जी अपने झूठ के प्रचार के बल पर चुनाव लड़ना चाहते है लेकिन दिल्ली की जागरुक जनता का केजरीवाल के फरेब और झूठ को हमें जनता को बताना होगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वह उठ खड़े हो और लोकसभा चुनाव में भाजपा को परास्त करने के लिए जी जान से जुट जाएं। 

 

अभियान समिति के अध्यक्ष श्री सुभाष चौपड़ा ने सभी को धन्यवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता जागरुक है और वह भाजपा और आम आदमी पार्टी को जवाब देना जानता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चुनाव अभियान में कांग्रेस के छोटे से छोटे कार्यकर्ता को शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा और आम आदमी पार्टी को शिकस्त देने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।